दिसंबर तक हर हाल में पूरे हों नहर कवरिंग समेत सभी विकास कार्य
विधायक बिष्ट ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, बिंदुखत्ता के विद्युतीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
लालकुआं।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे नहर कवरिंग समेत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक हुई। विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्य दिसंबर तक तथा शेष कार्य जनवरी तक हर हाल में पूरे किए जाएं।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि किसी कार्य में विभागीय, तकनीकी अथवा अन्य कोई अड़चन आ रही है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कार्य प्रभावित न हों।
समीक्षा बैठक में नहर कवरिंग कार्य की प्रगति के साथ क्षेत्र में संचालित अन्य विकास योजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विधायक बिष्ट ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की भी जानकारी ली और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और अधिकारी स्वयं कार्यस्थलों का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। विधायक ने अधिकारियों को कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व एवं प्रशासन से उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद भंडारी, वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता महेश कुमार खरे, यूपीसीएल के नीरज आर्य और एसडीओ सौरभ जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी वह भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, विक्की पाठक, अभिषेक, धीरज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।