दिसंबर तक हर हाल में पूरे हों नहर कवरिंग समेत सभी विकास कार्य
विधायक बिष्ट ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, बिंदुखत्ता विद्युतीकरण में तेजी के निर्देश; गौला कटाव, जलभराव और नहर निर्माण कार्यों को लेकर भी दिए निर्देश
लालकुआं।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे नहर कवरिंग, विद्युतीकरण, सिंचाई, सड़क एवं बाढ़ सुरक्षा समेत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से एक-एक कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्य दिसंबर तक तथा शेष कार्य जनवरी तक हर हाल में पूरे किए जाएं।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं। किसी कार्य में विभागीय, तकनीकी अथवा अन्य कोई बाधा आ रही है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि योजनाओं का काम प्रभावित न हो।
नहर कवरिंग से सड़क चौड़ीकरण को मिलेगा लाभ
बैठक में नहर कवरिंग कार्य को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। विधायक ने तीनपानी से मोतीनगर तक तथा लालकुआं बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर जाल से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर को कवर कर उसकी ऊंचाई सड़क के लेवल तक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे नहर के ऊपर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सकेगा और सड़क चौड़ीकरण का लाभ क्षेत्रवासियों को मिल सकेगा।
इसके अलावा गुमटी लालकुआं से तीनपानी तक नहर निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि नहर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, जिससे सिंचाई व्यवस्था के साथ-साथ क्षेत्र की यातायात एवं सड़क व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सके।
गौला नदी किनारे भूकटाव रोकने के कार्य शुरू करने के निर्देश
विधायक ने गौला नदी के किनारे भूकटाव रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों को पुनः प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान भूकटाव की समस्या से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
वहीं गौलापार की समानांतर नहर, जो काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त हो गई है, उसके निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू कर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मोटाहल्दू में जमरानी नहर पर डाली गई पुलिया से हो रही परेशानी का समाधान करने को कहा।
बैठक में मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मोटाहल्दू में जमरानी नहर पर डाली गई पुलिया के कारण उत्पन्न हो रही परेशानी का भी संज्ञान लिया गया। विधायक ने अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
बिंदुखत्ता विद्युतीकरण कार्य में तेजी के निर्देश
विधायक डॉ. बिष्ट ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
विधायक ने सभी निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित अधिकारियों को स्वयं कार्यस्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जाएगी और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखना होगा।
बैठक में उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद भंडारी, वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता महेश कुमार खरे, यूपीसीएल के नीरज आर्य और एसडीओ सौरभ जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, विक्की पाठक, अभिषेक, धीरज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।