ग्राम पंचायत जग्गी बंगर में 100 से अधिक ग्रामीणों को वितरित किए गए निशुल्क फलदार पौधे
जग्गी बंगर। ग्राम पंचायत जग्गी बंगर के पंचायत घर में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निशुल्क फलदार पौधा वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम सभा के 100 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर योजना का लाभ उठाया।
विभिन्न प्रजातियों के पौधों का हुआ वितरण
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को उच्च गुणवत्ता वाले आम, अमरूद, लीची एवं नींबू के फलदार पौधे निशुल्क प्रदान किए गए। इस जन-कल्याणकारी एवं पर्यावरण-हितैषी योजना के लिए ग्राम पंचायत प्रशासन ने उद्यान विभाग का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
पौध रोपण और संरक्षण की अपील
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने समस्त ग्रामवासियों से विनम्र अपील की कि वे प्राप्त पौधों को अपने घर-आंगन में अवश्य लगाएँ और उनका उचित संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि पौधों की देखभाल से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि भविष्य में गाँव की आजीविका और पोषण को भी संबल मिलेगा।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
पौधा वितरण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र तिवारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भुवन सिंह पवार, उप प्रधान कपिल राणा एवं योगेश दुमका सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।