सड़क निर्माण कार्यों को मिली रफ्तार, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने किया 5 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास
हल्दूचौड़ (लालकुआं),
22 जून।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने 5 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
विधायक ने पंचायत घर से गोला गेट तक 1.8 किलोमीटर लंबाई के डीबीएम सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस योजना की स्वीकृत लागत 2.39 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा दीना स्कूल के पास आशु की दुकान से देवरामपुर गोला गेट तक दो किलोमीटर मोटर मार्ग के डीबीएम निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिस पर लगभग 2.59 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं डूंगरपुर क्षेत्र में कमल दुमका के घर तक डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट, पूजा बिष्ट, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनी पंत, चिंतामणि पांडे, मंडल मंत्री विनोद भट्ट, सुनील तिवारी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, मनीष बोरा, मनमोहन पुरोहित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की सड़कें जर्जर स्थिति में थीं। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। ग्रामीणों ने विधायक के विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और नगर क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।