भाजपा ने अभिषेक शर्मा को लालकुआं विधानसभा का सोशल मीडिया संयोजक बनाया
हल्दूचौड़/लालकुआं। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में युवा कार्यकर्ता अभिषेक शर्मा को लालकुआं विधानसभा का सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया है। लंबे समय से युवाओं के बीच सक्रिय रहकर संगठन के लिए कार्य कर रहे अभिषेक शर्मा को यह नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
नियुक्ति पर अभिषेक शर्मा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट तथा लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सांसद अजय भट्ट एवं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट द्वारा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा। अभिषेक शर्मा ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का क्रम आगे भी जारी रहेगा।
वर्तमान में अभिषेक शर्मा भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इससे पूर्व वे गौलापार मंडल अध्यक्ष सहित हल्दूचौड़ एवं संगठन के विभिन्न दायित्वों पर कार्य कर चुके हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।