


सम्मान व सेवा कार्यों के साथ क्षेत्र वासियों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का जन्मदिन
लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का जन्मदिन सोमवार को सेवा और जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण, सम्मान समारोह और स्वच्छता अभियान सहित कई कार्यक्रम आयोजित कर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
लालकुआं के वार्ड नंबर एक स्थित अंबेडकर पार्क में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 200 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी रही।
हल्दूचौड़ में 153 यूनिट रक्तदान
हल्दूचौड़ रामलीला मैदान में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय उर्फ रोहित दुम्का के नेतृत्व में सेवा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहां आयोजित रक्तदान शिविर में 153 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों के कार्ड बनाए गए, जबकि करीब 187 लोगों का टूल किट के लिए पंजीकरण कराया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और स्थानीय कलाकारों ने गीतों के माध्यम से विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार विशेष केक विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ काटा और सभी का आभार जताया।
विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले हुए सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान के लिए आईटीसी पेपर मिल के नरेश चंद्र, मुख्यमंत्री ट्रॉफी में 40 से 42 किलो वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने वाली वैभवी नॉर्की, वरिष्ठ क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला दुर्गापाल तथा लखपति दीदी अवार्ड से सम्मानित स्वयं सहायता समूह संचालिका पुष्पा पडालनी सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : बिष्ट
जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचे कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि समाज की अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों को उनका अधिकार मिले इसके लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और जरूरतमंदों की मदद करना जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री रंजन बरगली, विनीत अग्रवाल, सुरेश भट्ट, नवीन भट्ट, प्रताप बोरा, दिनेश खुल्बे, कमलनैन जोशी, अशोक पढ़ालनी, सरिता, हयात, राजकुमार, मनोज सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का तथा सह-संयोजक अशोक पढ़ालनी और विनोद भट्ट रहे।
प्राइमरी स्कूल के बच्चों के साथ भी बनाया जन्मदिन
विधायक ने हल्दूचौड प्राइमरी स्कूल के बच्चों के साथ भी केक काट कर व बच्चों को उपहार भेंट कर जन्मदिन मनाया।
विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी हुए कार्यक्रम
बिंदुखत्ता के तिवारी नगर स्थित हरी गार्डन बैंक्विट हॉल में पूर्व सैनिकों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मोटाहल्दू के लक्ष्मी नारायण बैंक्विट हॉल में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। तीनपानी आईटीआई स्थित जैस्मिन गार्डन बैंक्विट हॉल में भी रक्तदान, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण का कार्यक्रम हुआ।
कुंवरपुर गोलापार में निशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के साथ दवा वितरण और रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
नैब में दिव्यांग बच्चों के सम्मान का कार्यक्रम हुआ, जबकि चोरगलिया मंडल में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।