सांसद श्री अजय भट्ट ने हल्द्वानी में देखी आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’, बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन और सेवा भावना से हुए अभिभूत
हल्द्वानी।नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री अजय भट्ट ने आज हल्द्वानी स्थित एक सिनेमा हॉल में सपरिवार परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के दौरान सांसद श्री भट्ट ने बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन से जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों और उनके मानव सेवा के संदेश को आत्मसात किया।
फिल्म देखने के बाद सांसद श्री अजय भट्ट ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को भक्ति, सेवा, करुणा, प्रेम और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी महाराज जी का जीवन भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और मानव सेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचार और जीवन दर्शन आज भी करोड़ों लोगों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।