
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर लालकुआं में गूंजी तिरंगा यात्रा
लालकुआं। संवाददाता
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से लालकुआं नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे क्षेत्रवासी, स्कूली बच्चे और भाजपा कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत वरिष्ठ समाजसेवी सरदार गुरदीप सिंह के आवास से हुई। यहां से यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः सरदार गुरदीप सिंह के आवास पर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान युवाओं, बच्चों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह के साथ युवा, बच्चे और आम नागरिक यात्रा में शामिल हुए, वह देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
यात्रा में पूर्व विधायक नवीन दुम्का, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, धन सिंह बिष्ट, राजकुमार सेतिया, बॉबी संभल, हरीश नैनवाल, दीवान सिंह बिष्ट, पवन चौहान, गोविंद सिंह राणा, सरदार हरबंस सिंह, हिंदूवादी नेता कमल मुनि और सरदार गुरदीप सिंह सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान तिरंगा लहराते हुए युवाओं और बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। पूरे आयोजन में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देखने को मिला।