हल्दूचौड़ में 11 अक्टूबर से गूंजेगा श्रीराम का जयघोष, 20 अक्टूबर तक होगा भव्य रामलीला मंचन
विधायक निधि से बनेगा नया टीन शेड, जल्द होगा शिलान्यास
हल्दूचौड़। श्री रामलीला कमेटी, हल्दूचौड़ की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को अध्यक्ष कैलाश चन्द्र दुम्का की अध्यक्षता में आदर्श प्राथमिक विद्यालय (रामलीला मैदान) स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। कमेटी ने बैंक खाते में उपलब्ध ₹64,241 की राशि की भी पुष्टि की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 11 अक्टूबर 2026 (शारदीय नवरात्रि) से श्री रामलीला का शुभारंभ होगा और 20 अक्टूबर (विजयादशमी) तक प्रतिदिन भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य मंचन किया जाएगा। रामलीला को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।
बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी रहा कि माननीय विधायक द्वारा विधायक निधि से स्वीकृत रामलीला मंच के टीन शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास शीघ्र कराया जाएगा। शिलान्यास की तिथि जल्द घोषित करने पर सहमति बनी, ताकि निर्माण कार्य समय रहते पूरा हो सके और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथियां अगली बैठक में तय करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संरक्षक उमेश चंद कबड़वाल, अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुम्का, दया किशन कबड़वाल, हेमवती नंदन दुर्गापाल, उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष हरीश सिंह बिष्ट, भुवन सिंह पवार, दया किशन बमेटा, चंद्रबल्लभ खोलिया (कोषाध्यक्ष), मनोज कोठारी, कैलाश बमेटा, कार्तिक बमेटा, योगेश दुम्का, कपिल राणा, पवन दुम्का, विजय दुम्का, राहुल दुम्का, महेंद्र सरदार सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।