हल्द्वानी में सांसद अजय भट्ट की जनसुनवाई, जनता की समस्याओं पर दिए त्वरित निर्देश
हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले की विभिन्न विधानसभाओं से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों और आम जनता ने भाग लिया। लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
सांसद अजय भट्ट ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।