बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग का दुर्गापाल ने किया समर्थन
कहा- बिना आंदोलन के कराए सड़क, बिजली और शिक्षा के कार्य
लालकुआं। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश चंद्र दुर्गापाल ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग का समाधान होना चाहिए।
दुर्गापाल ने कहा कि बिंदुखत्ता को नगर पालिका का दर्जा दिया गया था, लेकिन लोगों के विरोध के बाद इसे वापस ले लिया गया। यदि नगर पालिका का दर्जा कायम रहता तो क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलती।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में पहली बार विधायक बनने के बाद उनके कार्यकाल में बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण और सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ। कांग्रेस सरकार के दौरान क्षेत्र में सड़क, अस्पताल, स्कूल, बिजली और आईटीआई समेत कई विकास कार्य कराए गए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के कार्यकाल में भी बिंदुखत्ता में बिना किसी आंदोलन के सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गईं। इसके साथ ही आईटीआई और कई स्कूलों का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के विकास में एनडी तिवारी के योगदान को भुलाया नहीं जाना चाहिए।
दुर्गापाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि राजस्व गांव की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में वह क्षेत्रवासियों के साथ हैं।