तहसील दिवस में जनसमस्याओं पर सख्त दिखे विधायक, अनुपस्थित अधिकारियों से जवाब तलब के निर्देश
लालकुआं।
तहसील लालकुआं में आयोजित तहसील दिवस के दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील दिवस में अनुपस्थित रहे अधिकारियों का जवाब तलब करने के निर्देश परगनाधिकारी लालकुआं को दिए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चिकित्सा उपचार एवं पुत्री के विवाह के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत आर्थिक सहायता के चेक लाभार्थियों को वितरित किए गए। आर्थिक सहायता मिलने पर लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री व लालकुआं विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया।
तहसील दिवस में पहुंचे ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक ने समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा लालकुआं मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।