विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर में पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
लालकुआं,
5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर परिसर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संचालन अधिकारी प्रणव शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कर्तव्य बन चुका है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रतिवर्ष कुछ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर सेंचुरी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के बीच उद्योगों, संस्थानों और आम नागरिकों को मिलकर हरित विकास की दिशा में कार्य करना होगा। वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नरेश चंद्रा ने बताया कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर द्वारा वर्ष 2025-26 में 222.11 लाख पौधों का वृक्षारोपण एवं किसानों को पौध वितरण किया गया है। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 250 लाख पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने गोविंद बल्लभ पंत यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी के साथ 200 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया है, जिसके तहत कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में मुख्य वित्त अधिकारी महेंद्र कुमार हरित, संजय यादव, संजय बाजपेयी, अमृत सैनी, अनिल दुबे, राजेश कुमार, महेश शर्मा, वन्दना पंत, सुमिता रावत, भरत पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते अधिकारी एवं कर्मचारी।