बिंदुखत्ता में 15 करोड़ की लागत से विद्युतीकरण कार्य का शुभारंभ
क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को बिंदुखत्ता में 15 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विद्युतीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने विधिवत रूप से किया।
बताया गया कि बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्ष 2012 से विद्युतीकरण कार्य और स्थायी बिजली कनेक्शनों पर रोक लगी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विधायक डॉ. बिष्ट के प्रयासों से इस रोक को हटाया गया। साथ ही शासन स्तर पर करीब 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दिलाई गई, जिससे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाना उनका लक्ष्य है, किसी भी माध्यम से बनाना पड़े। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने बिंदुखत्ता के 10 स्कूलों को सरकारी मान्यता दिलाई है। साथ ही यह भी कहा कि विद्युतीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में बिजली की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे न केवल बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम में बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, हल्दूचौर मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एस.के. गुप्ता, एसडीओ संजय प्रसाद, जिला मंत्री प्रकाश आर्य, वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल, मंडल महामंत्री पूरन बोरा, बालम बोरा,रंजीत रावत, सुरेश पांडे, गणेश जलाल सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।