नगर पंचायत लालकुआं को Urban Learnathon 2.0 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान, 17 नवंबर को मिलेगा सम्मान
लालकुआं (नैनीताल)। उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है कि नगर पंचायत लालकुआं को भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) द्वारा आयोजित Urban Learnathon 2.0 में Other ULBs उप-श्रेणी के अंतर्गत विजेता घोषित किया गया है। इस संबंध में आज नगर पंचायत को पुरस्कार समारोह हेतु आमंत्रण प्राप्त हुआ है। दिनांक 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित समारोह में नगर पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
Urban Learnathon शहरी स्थानीय निकायों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, उत्कृष्ट कार्यों एवं सफल कार्यप्रणालियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत शहरी निकायों द्वारा प्रस्तुत कार्यों का मूल्यांकन उनके नवाचार, प्रभाव, उपयोगिता तथा अन्य शहरों में अपनाए जाने की संभावनाओं के आधार पर किया जाता है।
नगर पंचायत लालकुआं को यह उपलब्धि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में विकसित किए गए गुलमोहर स्वयं सहायता समूह आधारित आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल के लिए प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत लालकुआं द्वारा जून 2024 में गुलमोहर नाम से उत्तराखंड का प्रथम पुरुष स्वयं सहायता समूह गठित किया गया था। इस समूह के माध्यम से घर-घर कूड़ा संग्रहण तथा मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) का संचालन किया जा रहा है। समूह द्वारा एकत्रित कचरे का पृथक्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का संग्रहण एवं विक्रय तथा अपशिष्ट के उचित निस्तारण का कार्य किया जा रहा है।
इस अभिनव मॉडल की विशेषता यह है कि स्वयं सहायता समूह को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ कचरे से आय अर्जित करने की व्यवस्था विकसित की गई है। इससे नगर पंचायत पर संचालन का वित्तीय भार कम हुआ है तथा स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिली है।
यह पहल स्वच्छ भारत मिशन एवं दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप महिला एवं पुरुष स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक अनुकरणीय उदाहरण है।
नगर पंचायत लालकुआं की यह उपलब्धि न केवल नगर निकाय के लिए बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचार, जनसहभागिता, स्वयं सहायता समूहों की भूमिका तथा प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर मिला हुआ प्रतिफल है। साथ ही यह मॉडल प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।