महालक्ष्मी धाम में ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ के दिव्य आलोक से अभिभूत हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी; सांसद अजय भट्ट, लक्ष्मण खाती, रमाकान्त पन्त व पं. चन्द्रशेखर जोशी ने भेंट की पुस्तक
बेरीपड़ाव स्थित सुप्रसिद्ध सिद्ध पीठ अष्टादश भुजा माता महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन के सत्र के आरंभ से पूर्व एक अत्यंत भव्य, गरिमामयी एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। सुबह की पावन बेला में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए माँ के पावन चरणों में शीश नवाया।
पूजा-अर्चना के उपरांत माँ अवंतिका मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन अवसर पर एक अत्यंत विशिष्ट एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें वरिष्ठ सांसद अजय भट्ट, मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती, पुस्तक के लेखक रमाकान्त पन्त तथा मंदिर के मुख्य आचार्य पण्डित चन्द्रशेखर जोशी ने संयुक्त रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक भेंट की। इसके साथ ही, माँ भगवती के दिव्य आशीर्वाद स्वरूप दोनों शीर्ष नेताओं को माँ अवंतिका की पावन चुनरी व मंगल पट्टिका पहनाकर उनका मंगल अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भेंट की गई यह कृति ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ न केवल क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहर का सजीव दस्तावेज है, बल्कि यह देवभूमि की अलौकिक शक्ति-परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुँचाने वाला एक अनुपम प्रयास है। उन्होंने लेखक रमाकान्त पन्त की निष्ठा और गहन शोध की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान अपने आशीर्वचन में वरिष्ठ महामण्डलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति महाराज ने कहा कि ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सनातन धर्म और शक्ति उपासना के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को उद्घाटित करने वाला दिव्य प्रकाश-स्तंभ है। माँ भगवती की असीम अनुकंपा और कठिन साधना के बिना ऐसा प्रामाणिक सृजन संभव नहीं है। यह ग्रंथ युवा पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और लोक-आस्था के प्रति गहरी चेतना जागृत करेगा।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी माँ भगवती की महिमा का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनकी अलौकिक शक्ति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माँ अवंतिका का आशीर्वाद अनादि काल से देवभूमि पर बरसता रहा है। माँ की असीम कृपा और पावन ऊर्जा ही जनमानस के संकटों को हरकर समूचे प्रदेश को सुख, शांति और समृद्धि की ओर अग्रसर करती है।
वहीं, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुस्तक के पृष्ठों को पलटते हुए उसका अत्यंत गहराई, तन्मयता और सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तक में समाहित दुर्लभ ऐतिहासिक संदर्भों, सांस्कृतिक प्रामाणिकता और उच्चकोटि के शोध कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति आने वाली पीढ़ियों को सनातन शक्ति-साधना और देवभूमि की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।
मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ अवंतिका की यह पावन पुस्तक लोक-कल्याण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।