बमेटा बंगर केशव – हरिपुर बच्ची लिंक मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रधान प्रतिनिधि कार्तिक बमेटा के नेतृत्व में धरना शुरू
ग्राम पंचायत बमेटा बंगर केशव के हरिपुर बच्ची लिंक मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। ग्राम प्रधान जीवंती बमेटा के पुत्र एवं प्रधान प्रतिनिधि कार्तिक बमेटा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने राजमार्ग किनारे धरना शुरू कर दिया है।
आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने मार्ग पर स्थित तीन स्टोन क्रशरों की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही रोककर जमकर नारेबाजी की। करीब 200 मीटर सड़क पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तीन स्टोन क्रशरों के कारण दिन-रात ओवरलोड डंपरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बरसात के बाद जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव से स्कूली बच्चों, महिलाओं और किसानों को भारी परेशानी हो रही है।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि कार्तिक बमेटा ने कहा कि, “ग्रामीण लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे हैं। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। सड़क का स्थायी निर्माण कराने के साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना होगा और सड़क को नुकसान पहुंचाने वालों की जिम्मेदारी तय करनी होगी।”
ग्रामीणों की मांगें:
- क्षतिग्रस्त 200 मीटर मार्ग का अस्थायी मरम्मत नहीं, स्थायी पक्का निर्माण किया जाए।
- क्रशरों के ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगे।
- सड़क को नुकसान पहुंचाने वालों की जिम्मेदारी तय हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा।
