श्रीलंका टापू तक पुल निर्माण की संभावनाएं तलाशने पहुंचे विधायक, भू-कटाव रोकने के दिए निर्देश
लालकुआं। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बुधवार को बिन्दुखत्ता से श्रीलंका टापू तक पुल निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, एडीबी और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देवी मंदिर, चौड़ाघाट और श्रीलंका टापू मार्ग पर भू-कटाव वाले स्थानों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कटाव रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि श्रीलंका टापू क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए पुल निर्माण की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों से तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
इसके बाद विधायक ने श्रीलंका टापू के ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में आवागमन, राशन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक ने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बरसात के मौसम को देखते हुए विधायक ने संबंधित विभागों को अगले तीन माह के लिए क्षेत्र में पर्याप्त राशन, दवाइयों, गैस सिलेंडरों तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपदा या संपर्क मार्ग बाधित होने की स्थिति में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
