चारधाम यात्रा को लेकर अफवाहों पर सख्त रुख, श्रद्धालुओं से न घबराने की अपील
श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ यूट्यूबरों द्वारा तथ्यहीन वीडियो बनाकर यात्रा की व्यवस्था को लेकर गलत माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ वीडियो में ऐसे लोग दिखाई दे रहे हैं जो मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को पार कर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा ऐसे लोगों को रोका जा रहा है, लेकिन इन दृश्यों को गलत तरीके से “लाठीचार्ज” बताकर प्रचारित किया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक और निंदनीय है।
हेमंत द्विवेदी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें और न ही किसी के बहकावे में आएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु निश्चिंत होकर चारधाम यात्रा पर आएं, क्योंकि व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित हैं।
उत्तराखंड सरकार, मंदिर समिति, जिला प्रशासन और संबंधित सभी विभाग मिलकर यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।