आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की कार्यशाला संपन्न
मुख्य वक्ता रही भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट,
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट बोले— आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत का आधार
हल्दूचौड़ (लालकुआं)। संवाददाता
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के हल्दूचौड़ मंडल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री विजय दुमका ने की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और समर्पण से सफल बनाना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हर भारतीय को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, Vocal for Local, किसानों की समृद्धि और व्यापारी वर्ग के सहयोग जैसे प्रयासों को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य ही विकसित भारत की दिशा तय करेगा।
अभियान के जिला सह संयोजक श्री भुवन भट्ट ने कहा कि विकसित भारत का मार्ग आत्मनिर्भर भारत से होकर ही गुजरेगा और इसके लिए स्वदेशी के उपयोग को जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता श्री दिनेश खुलबे ने लालकुआं विधानसभा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष श्री विजय दुमका ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यशाला का समापन किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री श्रीमती रुक्मणी बचखेती, प्रकाश आर्या, संजय पांडे, रुक्मणी बिष्ट, अरुण जोशी, नवीन पपोला, ममता पलड़िया, तारा चंदोला, सरिता जड़ौत, बची सिंह रावत, डी.के. दुमका, अशोक पढलनी, पवन जोशी, जगदीश जोशी सहित चारों मंडलों के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।