लालकुआं की सोनाक्षी का उत्तराखंड महिला अंडर 15 क्रिकेट टीम में चयन
लालकुआं |
खेल समाचार
लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की सुपुत्री कुमारी सोनाक्षी लोटनी का चयन उत्तराखंड महिला अंडर-15 क्रिकेट टीम में होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
कुमारी सोनाक्षी लोटनी श्रीमती अमृति देवी क्रिकेट अकादमी, बिंदुखत्ता में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि यह अकादमी महिला क्रिकेटरों को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करती है और अब तक यहां से 15 से 20 खिलाड़ी उत्तराखंड महिला क्रिकेट बोर्ड की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं। अकादमी का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देना है, जिसमें वह निरंतर सफल हो रही है।
शैक्षिक क्षेत्र में भी सोनाक्षी संतुलन बनाए हुए हैं। वह एच.सी.एम. स्कूल, हल्दूचौड़ (लालकुआं) में अध्ययनरत हैं। खेल और पढ़ाई के बीच उत्कृष्ट तालमेल बनाते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
सोनाक्षी की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षकों तथा क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह चयन क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।